15. पूज्य कबीर परमेश्वर (कविर् देव) जी की अमृतवाणी में सृष्टी रचना


कबीर परमेश्वर जी की अमृतवाणी में सृष्टी रचना का प्रमाण

विशेष:- निम्न अमृतवाणी सन् 1403 से {जब पूज्य कविर्देव (कबीर परमेश्वर) लीलामय शरीर में पाँच वर्ष के हुए} सन् 1518 {जब कविर्देव (कबीर परमेश्वर) मगहर स्थान से सशरीर सतलोक गए} के बीच में लगभग 600 वर्ष पूर्व परम पूज्य कबीर परमेश्वर (कविर्देव) जी द्वारा अपने निजी सेवक (दास भक्त) आदरणीय धर्मदास साहेब जी को सुनाई थी तथा धनी धर्मदास साहेब जी ने लिपिबद्ध की थी। परन्तु उस समय के पवित्र हिन्दुओं तथा पवित्र मुसलमानों के नादान गुरुओं (नीम-हकीमों) ने कहा कि यह धाणक (जुलाहा) कबीर झूठा है। किसी भी सद् ग्रन्थ में श्री ब्रह्मा जी, श्री विष्णु जी तथा श्री शिव जी के माता-पिता का नाम नहीं है। ये तीनों प्रभु अविनाशी हैं इनका जन्म मृत्यु नहीं होता। न ही पवित्र वेदों व पवित्र कुरान शरीफ आदि में कबीर परमेश्वर का प्रमाण है तथा परमात्मा को निराकार लिखा है। हम प्रतिदिन पढ़ते हैं। भोली आत्माओं ने उन विचक्षणों (चतुर गुरुओं) पर विश्वास कर लिया कि सचमुच यह कबीर धाणक तो अशिक्षित है तथा गुरु जी शिक्षित हैं, सत्य कह रहे होंगे। आज वही सच्चाई प्रकाश में आ रही है तथा अपने सर्व पवित्र धर्मों के पवित्र सद्ग्रन्थ साक्षी हैं। इससे सिद्ध है कि पूर्ण परमेश्वर, सर्व सृष्टी रचनहार, कुल करतार तथा सर्वज्ञ कविर्देव (कबीर परमेश्वर) ही है जो काशी (बनारस) में कमल के फूल पर प्रकट हुए तथा 120 वर्ष तक वास्तविक तेजोमय शरीर के ऊपर मानव सदृश शरीर हल्के तेज का बना कर रहे तथा अपने द्वारा रची सृष्टी का ठीक-ठीक (वास्तविक तत्व) ज्ञान देकर सशरीर सतलोक चले गए। कृपा प्रेमी पाठक पढ़ें निम्न अमृतवाणी परमेश्वर कबीर साहेब जी द्वारा उच्चारित :-

धर्मदास यह जग बौराना। कोइ न जाने पद निरवाना।।

            यहि कारन मैं कथा पसारा। जगसे कहियो राम नियारा।।

                        यही ज्ञान जग जीव सुनाओ। सब जीवोंका भरम नशाओ।।

                        अब मैं तुमसे कहों चिताई। त्रायदेवनकी उत्पति भाई।।

कुछ संक्षेप कहों गुहराई। सब संशय तुम्हरे मिट जाई।।

            भरम गये जग वेद पुराना। आदि रामका का भेद न जाना।।

                        राम राम सब जगत बखाने। आदि राम कोइ बिरला जाने।।

                        ज्ञानी सुने सो हिरदै लगाई। मूर्ख सुने सो गम्य ना पाई।।

माँ अष्टंगी पिता निरंजन। वे जम दारुण वंशन अंजन।।

            पहिले कीन्ह निरंजन राई। पीछेसे माया उपजाई।।

                        माया रूप देख अति शोभा। देव निरंजन तन मन लोभा।।

                                    कामदेव धर्मराय सत्ताये। देवी को तुरतही धर खाये।।

पेट से देवी करी पुकारा। साहब मेरा करो उबारा।।

            टेर सुनी तब हम तहाँ आये। अष्टंगी को बंद छुड़ाये।।

                        सतलोक में कीन्हा दुराचारि, काल निरंजन दिन्हा निकारि।।

                                    माया समेत दिया भगाई, सोलह संख कोस दूरी पर आई।।

अष्टंगी और काल अब दोई, मंद कर्म से गए बिगोई।।

            धर्मराय को हिकमत कीन्हा। नख रेखा से भगकर लीन्हा।।

                        धर्मराय किन्हाँ भोग विलासा। मायाको रही तब आसा।।

                                    तीन पुत्र अष्टंगी जाये। ब्रह्मा विष्णु शिव नाम धराये।।

तीन देव विस्त्तार चलाये। इनमें यह जग धोखा खाये।।

            पुरुष गम्य कैसे को पावै। काल निरंजन जग भरमावै।।

                        तीन लोक अपने सुत दीन्हा। सुन्न निरंजन बासा लीन्हा।।

                                    अलख निरंजन सुन्न ठिकाना। ब्रह्मा विष्णु शिव भेद न जाना।।

तीन देव सो उनको धावें। निरंजन का वे पार ना पावें।।

            अलख निरंजन बड़ा बटपारा। तीन लोक जिव कीन्ह अहारा।।

                        ब्रह्मा विष्णु शिव नहीं बचाये। सकल खाय पुन धूर उड़ाये।।

                                    तिनके सुत हैं तीनों देवा। आंधर जीव करत हैं सेवा।।

अकाल पुरुष काहू नहिं चीन्हां। काल पाय सबही गह लीन्हां।।

            ब्रह्म काल सकल जग जाने। आदि ब्रह्मको ना पहिचाने।।

                        तीनों देव और औतारा। ताको भजे सकल संसारा।।

                                    तीनों गुणका यह विस्त्तारा। धर्मदास मैं कहों पुकारा।।

                        गुण तीनों की भक्ति में, भूल परो संसार।

                        कहै कबीर निज नाम बिन, कैसे उतरैं पार।।

उपरोक्त अमृतवाणी में परमेश्वर कबीर साहेब जी अपने निजी सेवक श्री धर्मदास साहेब जी को कह रहे हैं कि धर्मदास यह सर्व संसार तत्वज्ञान के अभाव से विचलित है। किसी को पूर्ण मोक्ष मार्ग तथा पूर्ण सृष्टी रचना का ज्ञान नहीं है। इसलिए मैं आपको मेरे द्वारा रची सृष्टी की कथा सुनाता हूँ। बुद्धिमान व्यक्ति तो तुरंत समझ जायेंगे। परन्तु जो सर्व प्रमाणों को देखकर भी नहीं मानेंगे तो वे नादान प्राणी काल प्रभाव से प्रभावित हैं, वे भक्ति योग्य नहीं। अब मैं बताता हूँ तीनों भगवानों (ब्रह्मा जी, विष्णु जी तथा शिव जी) की उत्पत्ति कैसे हुई? इनकी माता जी तो अष्टंगी (दुर्गा) है तथा पिता ज्योति निरंजन (ब्रह्म, काल) है। पहले ब्रह्म की उत्पत्ति अण्डे से हुई। फिर दुर्गा की उत्पत्ति हुई। दुर्गा के रूप पर आसक्त होकर काल (ब्रह्म) ने गलती (छेड़-छाड़) की, तब दुर्गा (प्रकृति) ने इसके पेट में शरण ली। मैं वहाँ गया जहाँ ज्योति निरंजन काल था। तब भवानी को ब्रह्म के उदर से निकाल कर इक्कीस ब्रह्मण्ड समेत 16 संख कोस की दूरी पर भेज दिया। ज्योति निरंजन (धर्मराय) ने प्रकृति देवी (दुर्गा) के साथ भोग-विलास किया। इन दोनों के संयोग से तीनों गुणों (श्री ब्रह्मा जी, श्री विष्णु जी तथा श्री शिव जी) की उत्पत्ति हुई। इन्हीं तीनों गुणों (रजगुण ब्रह्मा जी, सतगुण विष्णु जी, तमगुण शिव जी) की ही साधना करके सर्व प्राणी काल जाल में फंसे हैं। जब तक वास्तविक मंत्र नहीं मिलेगा, पूर्ण मोक्ष कैसे होगा?

Kabir Vani Creation Universe

विशेषः- प्रिय पाठक विचार करें कि श्री ब्रह्मा जी श्री विष्णु जी तथ श्री शिव जी की स्थिति अविनाशी बताई गई थी। सर्व हिन्दु समाज अभी तक तीनों परमात्माओं को अजर, अमर व जन्म-मृत्यु रहित मानते रहे जबकि ये तीनों नाश्वान हैं। इन के पिता काल रूपी ब्रह्म तथा माता दुर्गा (प्रकृति/अष्टांगी) हैं जैसा आप ने पूर्व प्रमाणों में पढ़ा यह ज्ञान अपने शास्त्रों में भी विद्यमान है परन्तु हिन्दु समाज के कलयुगी गुरूओं, ऋषियों, सन्तों को ज्ञान नहीं। जो अध्यापक पाठ्यक्रम (सलेबस) से ही अपरिचित है वह अध्यापक ठीक नहीं (विद्वान नही) है, विद्यार्थियों के भविष्य का शत्रु है। इसी प्रकार जिन गुरूओं को अभी तक यह नहीं पता कि श्री ब्रह्मा, श्री विष्णु तथा श्री शिव जी के माता-पिता कौन हैं? तो वे गुरू, ऋषि,सन्त ज्ञान हीन हैं। जिस कारण से सर्व भक्त समाज को शास्त्र विरूद्ध ज्ञान (लोक वेद अर्थात् दन्त कथा) सुना कर अज्ञान से परिपूर्ण कर दिया। शास्त्राविधि विरूद्ध भक्तिसाधना करा के परमात्मा के वास्तविक लाभ (पूर्ण मोक्ष) से वंचित रखा सबका मानव जन्म नष्ट करा दिया क्योंकि श्री मद्भगवत गीता अध्याय 16 श्लोक 23.24 में यही प्रमाण है कि जो शास्त्राविधि त्यागकर मनमाना आचरण पूजा करता है। उसे कोई लाभ नहीं होता पूर्ण परमात्मा कबीर जी ने सन् 1403 से ही सर्व शास्त्रों युक्त ज्ञान अपनी अमृतवाणी (कविरवाणी) में बताना प्रारम्भ किया था। परन्तु उन अज्ञानी गुरूओं ने यह ज्ञान भक्त समाज तक नहीं जाने दिया। जो वर्तमान में स्पष्ट हो रहा है इससे सिद्ध है कि कर्विदेव (कबीर प्रभु) तत्वदर्शी सन्त रूप में स्वयं पूर्ण परमात्मा ही आए थे।


 

FAQs : पूज्य कबीर परमेश्वर (कविर् देव) जी की अमृतवाणी में सृष्टी रचना

Q.1 ब्रह्माण्ड का रचयिता कौन है?

सभी पवित्र धर्म ग्रंथों के अनुसार ब्रह्मांड के निर्माता यानी रचयिता सर्वोच्च और शक्तिशाली परमात्मा कबीर साहेब जी हैं। वह अविनाशी हैं, उनका मनुष्य जैसा रूप है और उनकी शक्तियां असीमित हैं।

Q.2 कबीर सागर में काल ब्रह्म और दुर्गा जी की उत्पति के बारे में क्या लिखा है?

पवित्र कबीर सागर के अनुसार भगवान कबीर जी ने काल ब्रह्म को पानी की एक बूंद से अंडे के रूप में बनाया। फिर उसके बाद जिस आत्मा ने ब्रह्म काल के साथ जाने के लिए सबसे पहले हाथ उठाया था, उसको स्त्री का रूप दिया अर्थात वह प्रकृति/ दुर्गा कहलाई। इस तरह ब्रह्म काल और दुर्गा जी की रचना परमेश्वर कबीर जी ने की थी। अधिक जानकारी के लिए पढ़ें पुस्तक ज्ञान गंगा जिसमें सृष्टि रचना की पूरी जानकारी बताई गई है।

Q. 3 काल ब्रह्म व दुर्गा जी तथा अन्य आत्माओं को शाश्वत निवास स्थान सतलोक से क्यों निकाला गया?

घोर तपस्या करके ज्योति निरंजन ने कबीर साहेब जी से 21 ब्रह्मांड और पांच तत्व प्राप्त किए। ज्योति निरंजन ब्रह्म जब तपस्या कर रहा था तो कई आत्माएं इसकी ओर आकर्षित हुईं। उसके बाद एक आत्मा ने सबसे पहले इसके साथ जाने के लिए हाथ उठाया और उसे परमेश्वर कबीर साहेब जी ने अष्टांगी दुर्गा बना दिया। इसके अलावा जिन अन्य आत्माओं ने काल के साथ जाने के लिए सहमति दी, उन्हें दुर्गा जी के अंदर बीज रूप में प्रवेश कर दिया। लेकिन काल ब्रह्म ने दुर्गा जी के साथ दुर्व्यवहार करना चाहा, उसके बाद दुर्गा जी ने उसके मुख के द्वार से, उसके पेट में शरण ली। फिर दुर्गा जी ने अपनी मदद के लिए भगवान कबीर साहेब जी से प्रार्थना की। लेकिन सतलोक के पवित्र स्थान में इस पाप के कारण भगवान कबीर साहेब जी ने काल ब्रह्म और दुर्गा जी और अन्य आत्माओं को सतलोक से निकाल दिया। यही प्रमाण कबीर सागर में भी है:

पहिले कीन्ह निरंजन राई। पीछेसे माया उपजाई।।

माया रूप देख अति शोभा। देव निरंजन तन मन लोभा।।

कामदेव धमर्राय सत्ताये। देवी को तुरतही धर खाये।।

पेट से देवी करी पुकारा। साहेब मेरा करो उबारा।।

टेर सुनी तब हम तहाँ आये। अष्टंगी को बंद छुड़ाये।।

सतलोक में कीन्हा दुराचारिए काल निरंजन दिन्हा निकारि।।

माया समेत दिया भगाईए सोलह संख कोस दूरी पर आई।।

Q.4 काल के 21 ब्रह्माण्ड शाश्वत निवास स्थान सतलोक से कितनी दूरी पर हैं?

काल के 21 ब्रह्माण्ड को शाश्वत निवास स्थान सतलोक से 16 शंख कोस की दूरी पर निकाल दिया गया था, जैसा कि भगवान कबीर साहेब जी की वाणी में कहा गया है: सतलोक में कीन्हा दुराचारि काल निरंजन दिन्हा निकारि।। माया समेत दिया भगाई सोलह संख कोस दूरी पर आई।

Q.5 काल ब्रह्म और दुर्गा जी का क्या संबंध है?

सतलोक से निकाले जाने के बाद काल ब्रह्म को दुर्गा जी के साथ दुर्व्यवहार करने से रोकने वाला कोई नहीं था। उसके बाद काल ब्रह्म ने पति-पत्नी का रिश्ता स्थापित करते हुए दुर्गा जी के साथ संभोग किया। भगवान कबीर जी की वाणी इसी बात का प्रमाण देती है:

अष्टंगी और काल अब दोई मंद कर्म से गए बिगोई।।

धर्मराय को हिकमत कीन्हा। नख रेखा से भंगकर लीन्हा।। धर्मराय किन्हाँ भोग विलासा। माया को रही तब आसा।।

Q.6 परमेश्वर कबीर जी की वाणी के अनुसार ब्रह्मा जी, विष्णु जी और शिव जी की उत्पत्ति कैसे हुई?

काल ब्रह्म तथा दुर्गा जी के संयोग से तीन पुत्र उत्पन्न हुए। रजोगुण ब्रह्मा जी, सतोगुण विष्णु जी तथा तमोगुण शिव जी। इसका प्रमाण भगवान कबीर साहेब जी की पवित्र वाणी में भी है:

धमर्राय किन्हाँ भोग विलासा। माया को रही तब आसा।।

तीन पुत्र अष्टंगी जाये। ब्रह्मा विष्णु शिव नाम धराये।। तीन देव विस्त्तार चलाये। इनमें यह जग धोखा खाये।।

Q.7 ब्रह्मा जी, विष्णु जी, शिव जी तथा अन्य प्राणी भी काल ब्रह्म और पूर्ण परमात्मा के बारे में क्यों नहीं जानते?

काल ब्रह्म द्वारा किए गए घोर पाप के कारण उसे प्रतिदिन 1 लाख मानव शरीर खाने और प्रतिदिन 1.25 लाख उत्पन्न करने का दंड मिला हुआ है। यही कारण है कि इसने अपनी सच्चाई अपने पुत्रों (ब्रह्मा, विष्णु और शिव) और अन्य आत्माओं से भी सच्चाई छुपा रखी है। काल ब्रह्म ने आत्माओं को जन्म और मृत्यु के चक्र में फंसाए रखने के लिए परमेश्वर कबीर साहेब जी का ज्ञान भी छुपा दिया, जैसा कि भगवान कबीर जी की वाणी से स्पष्ट है। फिर काल ब्रह्म ने सबसे छुपकर रहने का संकल्प ले लिया।

तीन देव विस्त्तार चलाये। इनमें यह जग धोखा खाये।।

पुरुष गम्य कैसे को पावै। काल निरंजन जग भरमावै।।

तीन लोक अपने सुत दीन्हा। सुन्न निरंजन बासा लीन्हा।।

अलख निरंजन सुन्न ठिकाना। ब्रह्मा विष्णु शिव भेद न जाना।।

तीन देव सो उनको धावें। निरंजन का वे पार ना पावें।।

अलख निरंजन बड़ा बटपारा। तीन लोक जिव कीन्ह अहारा।।


 

Recent Comments

Latest Comments by users
यदि उपरोक्त सामग्री के संबंध में आपके कोई प्रश्न या सुझावहैं, तो कृपया हमें [email protected] पर ईमेल करें, हम इसे प्रमाण के साथ हल करने का प्रयास करेंगे।
Leena Sharma

क्या ब्रह्मा जी, विष्णु जी और शिव जी की पूजा करने से इनके उपासकों को मोक्ष मिल सकता है?

Satlok Ashram

ब्रह्मा जी, विष्णु जी और शिव जी नाशवान भगवान हैं। ये तीनों भगवान स्वयं जन्म और मृत्यु के चक्र में फंसे हुए हैं। ये तीनों मुक्त नहीं हैं ,तो उनके उपासक कैसे मुक्त हो सकते हैं? इन तीनों भगवानों में से कोई भी अपने उपासकों को मोक्ष नहीं दे सकता। केवल सर्वशक्तिमान कबीर साहेब जी की सच्ची भक्ति करने से ही उपासकों को मोक्ष प्राप्त हो सकता है।

Bimal Kumar

क्या तीनों देवताओं को जन्म देने वाले भगवान के बारे में प्रमाण हमारे धार्मिक ग्रंथों में मौजूद है?

Satlok Ashram

तीनों देवता यानि कि ब्रह्मा जी, विष्णु जी और शिव जी का जन्म 21 ब्रह्मांडों के स्वामी ब्रह्म काल और देवी दुर्गा जी के मिलन से हुआ है। इसका प्रमाण सच्चिदानंदघनब्रह्म की वाणी में भी है। इसके अलावा शिव पुराण, दुर्गा पुराण, मार्कंडेय पुराण और पवित्र श्रीमद्भगवद गीता में भी यही प्रमाण मौजूद है।

Gitanjali

क्या यह सत्य है कि ब्रह्मा जी, विष्णु जी और शिव जी अविनाशी देवता हैं और जन्म-मृत्यु से मुक्त हैं।

Satlok Ashram

पांचवें वेद सूक्ष्मवेद या सच्चिदानंदघनब्रह्म की वाणी में यह प्रमाण है कि ब्रह्मा जी, विष्णु जी और शिव जी नाशवान हैं। यह तीनों देवता जन्म और मृत्यु के चक्र में भी हैं। अधिक जानकारी के लिए हमारी वेबसाइट पर अवश्य जाएं।